
हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले और भारत-पाकिस्तान सैन्य तनाव के बाद, तुर्की और अज़रबैजान को पाकिस्तान का समर्थन देने के चलते भारत में इन दोनों देशों के प्रति विरोध बढ़ गया है। इसके चलते इन देशों की यात्रा के लिए भारतीयों की बुकिंग में भारी गिरावट और रद्दीकरण में तेज़ी आई है।
कई भारतीय ट्रैवल एजेंसियों ने तुर्की और अज़रबैजान के लिए होटल व फ्लाइट बुकिंग सेवाएं बंद कर दी हैं, जबकि कुछ एजेंसियां यात्रियों को वहां न जाने की सलाह दे रही हैं। बीते वर्षों में ये दोनों देश भारतीय पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए थे, खासकर शादी समारोह और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए।
लेकिन अब भारत में इन देशों के खिलाफ माहौल बनता जा रहा है, जो जनवरी 2024 में मालदीव के बहिष्कार जैसी स्थिति की याद दिलाता है। तब मालदीव के कुछ मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के चलते भारत में विरोध हुआ था।
MakeMyTrip के अनुसार, पिछले एक हफ्ते में तुर्की और अज़रबैजान के लिए बुकिंग में 60% की गिरावट आई है, जबकि कैंसलेशन में 250% की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने कहा कि वह देश की भावनाओं का समर्थन करती है और इन देशों के लिए सभी प्रचार गतिविधियों को रोक दिया गया है।